जबलपुर. जबलपुर में कोरोना संकट से राहत के बीच 11 दिन बाद एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित मिलने से इस बीमारी को लेकर प्रशासन ओर लोगों की चिंता एक बार फिर बढ़ गयी हैं। मुख्य चिकित्सा एव स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) मनीष मिश्रा ने बताया कि 55 वर्षीय की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट बुधवार को शाम पॉजिटिव आई है। वह 20 मार्च को हैदराबाद से फ्लाइट से जबलपुर लौटा था। फ्लाइट में उसके साथ आए 67 व्यक्तियों को चिन्हित कर उनसे संपर्क किया गया है और उन्हें होम क्वारैंटाइन किया गया है। जो यात्री दूसरे जिलों के संपर्क में आए थे, वहां के जिला कलेक्टरों को इस संबंध में सूचना भेज दी गई है।
जिस अस्पताल में दिखाया, वहां डॉक्टर व स्टॉफ क्वारैंटाइन
पीड़ित व्यक्ति स्वास्थ्य खराब होने के कारण उपचार के लिए एक निजी अस्पताल गया था। जहां उसके संपर्क में आए डॉक्टर और वहां के स्टॉफ को होम क्वारैंटाइन किया गया है। मरीज की पत्नी विजयनगर स्थित एक बैंक की ब्रांच में पदस्थ थी। उस बैंक शाखा को बंद करने तथा सभी कर्मचारियों को होम क्वारैंटाइन किया जा रहा है। जबलपुर में उसके संपर्क में करीब 67 लोगों को होम क्वारैंटाइन किया जा रहा है।
कलेक्टर ने तीन किलोमीटर एरिया को कैंटोनमेंट घोषित किया
रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद बुजुर्ग के निवास स्थान के 3 किलोमीटर दायरे को कैंटोनमेंट एरिया घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा पीड़ित के रिश्तेदार तथा काम करने वाले
कर्मचारियों को चिन्हित कर उन्हे उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबलपुर में गुरुवार को 18 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज कराया गया है।
कलेक्टर ने रात को मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सैनिटाइज करवाया
कोरोना संक्रमण का 9वां केस सामने आने के बाद पीड़ित के क्षेत्र में कलेक्टर भरत यादव पहुंचे और उन्होंने देर रात नर्मदा रोड स्थित राजुल रेजीडेंसी रामपुर को अपने सामने ही सैनिटाइज कराया। साथ ही क्षेत्र को कैंटोनमेंट एरिया घोषित किया।
सुबह 10 से शाम 5 बजे तक खुलेंगी राशन की दुकानें
जबलपुर कलेक्टर भरत यादव ने नगर निगम क्षेत्र जबलपुर के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए शहर की उचित मूल्य की सभी दुकानों को हर रोज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नियमित रूप से खोलने के आदेश जारी किए हैं। इस अवधि में नियमित रूप से उपभोक्ता सामग्री का वितरण किया जाएगा। उसके बिल अनिवार्य रूप से उपभोक्ताओं को दिए जाएंगे।
बाहर से आने वालों की जानकारी कोरोना कंट्रोल रूम को फाेन पर दें
10 मार्च के बाद विदेश या बाहर से आए लोग और उनके परिजनों को अपनी जानकारी एकीकृत कोरोना कंट्रोल रूम को फोन पर ही देना है। इसके लिए उन्हें न तो अपने क्षेत्र के पुलिस थाने जाने की जरूरत है न ही विक्टोरिया अस्पताल। जिला पंचायत के सीईओ प्रियंक मिश्रा नेे बताया कि सही जानकारी के अभाव में सूचना देने लोग पुलिस थाना या विक्टोरिया अस्पताल जा रहे हैं, जबकि उन्हें व्यक्तिगत रूप से कहीं भी जाने की जरूरत नहीं है। उन्हें यह जानकारी सिर्फ एकीकृत कोरोना कंट्रोल रूम को फोन पर ही देना है। सूचना देने के लिए 0761-2637500 और 0761-2637501 से लेकर 0761-2637515 पर कॉल करके ही देना होगा।