सतना। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए सेंट्रल जेल के कैदी यहां अपने लिए स्वयं मॉस्क बना रहे हैं। जेल अधीक्षक नारेन्द्र प्रताप सिंह के मुताबिक कैदी हर रोज लगभग 250 मास्क तैयार करते हैं। उन्होंने बताया कि बंदियों द्वारा बनाए गए इन मॉस्क का उपयोग केंद्रीय कारागार समेत सर्किल की 8 अन्य उप जेलों के कैदी करेंगे। इसी बीच उप जेल अधीक्षक आरके चौरे ने बताया कि एहतियाती तौर पर जेल मुख्यालय के निर्देश पर सेंट्रल जेल समेत जिली की 8 अन्य उप जेलों में 31 मार्च तक बंदियों से मुलाकात प्रतिबंधित कर दी गई है। बंदियों की परिजनों से बातचीत के लिए लैंड लाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
नए बंदियों के लिए अलग सेल
सेंट्रल जेल में मौजूदा समय में 1600 पुरुष और 69 महिला बंदी हैं। जेल प्रशासन ने कारागार पहुंचने वाले नए बंदियों के लिए अलग से सेल बना रखी है। सर्दी-खांसी से पीडि़त कैदियों के मेडिकल चेकअप के साथ उपचार की व्यवस्था की गई है। हाल ही में टीम के साथ सीएमएचओ डा.एके अवधिया ने भी सेंट्रल जेल का निरीक्षण किया।
रोज 250 मॉस्क बना रहे हैं सेंट्रल जेल के कैदी - बंदियों से मुलाकात पर लगाई गई रोक